दुमका को “सिल्क सिटी” बनाने की दिशा में पहल, उपायुक्त की अध्यक्षता में अहम बैठक
कोकून बैंक स्थापना व सिल्क उत्पादों की मार्केटिंग पर बनी रणनीति

दुमका : दुमका जिला को “सिल्क सिटी” के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उपायुक्त की अध्यक्षता में सिल्क बोर्ड से संबंधित एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में सिल्क उत्पादन को बढ़ावा देना एवं इससे जुड़े कार्यों को व्यवस्थित करना था। बैठक में सिल्क क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिनमें मयूराक्षी सिल्क, जेएसएलपीएस, झारक्राफ्ट, रेशम विभाग एवं सेंट्रल सिल्क बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने सिल्क उत्पादन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग अपने-अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन करें ताकि योजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही उपायुक्त ने कोकून बैंक की स्थापना हेतु उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का निर्देश दिया। सभी विभागों को मिलकर एक सुदृढ़ एवं फूल-प्रूफ कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया, जिससे सिल्क उत्पादन को बढ़ावा मिले और सिल्क उत्पादों, विशेषकर साड़ियों की प्रभावी मार्केटिंग सुनिश्चित की जा सके।