दुर्गापूजा को लेकर लिट्टीपाड़ा में प्रशासन अलर्ट, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील, अफवाह फैलाने व माहौल बिगाड़ने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

By Ajay Kumar लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को लिट्टीपाड़ा में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस बल ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही आम लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, अंचल अधिकारी पवन कुमार एवं थाना प्रभारी नागेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया। फ्लैग मार्च लिट्टीपाड़ा से शुरू होकर सरसा, तालपहाड़ी और करनघाटी होते हुए थाना परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों से बचने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। साथ ही सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं को बिना सत्यापन आगे साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आमजन के सहयोग से दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।