ताज़ा-ख़बर

डीसी-एसपी ने दुर्गापूजा पंडालों का किया उद्घाटन, मां दुर्गा की आराधना कर मांगी जिले की खुशहाली

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेझारखण्ड

सरस्वती पुस्तकालय व रेलवे स्टेशन स्थित पूजा पंडालों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

डीसी-एसपी ने दुर्गापूजा पंडालों का किया उद्घाटन, मां दुर्गा की आराधना कर मांगी जिले की खुशहाली

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील पाकुड़। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर शनिवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पाकुड़ शहरी क्षेत्र के सरस्वती पुस्तकालय एवं रेलवे स्टेशन स्थित दुर्गापूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने पूजा पंडालों में की गई तैयारियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पूजा समितियों के सदस्यों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने नारियल फोड़कर एवं मां दुर्गा की आरती उतारकर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद दुर्गापूजा पंडालों का पट उद्घाटन किया। उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर जिलेवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दुर्गापूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से जिलेवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे दुर्गापूजा का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। सामाजिक सद्भाव एवं पारस्परिक सम्मान बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, ताकि जिले में दुर्गापूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

पूजा समितियों के सदस्यों से भी की मुलाकात

पंडालों के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात की तथा आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई।

मौके पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, पाकुड़ एसडीपीओ, पाकुड़ अंचलाधिकारी सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित दुर्गापूजा समितियों के सदस्य उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.