ताज़ा-ख़बर

दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट: DC-SP ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण

रिपोर्ट: Amit Sahay6 घंटे पहलेझारखण्ड

जमुआ, धनवार, सरिया, बगोदर में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, पंडालों में CCTV, पुलिस बल और आपात सेवाओं की तैयारी दुरुस्त रखने का निर्देश

दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट: DC-SP ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण

गिरिडीह : दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने जिले के जमुआ, धनवार, सरिया, बगोदर और डुमरी समेत विभिन्न प्रखंडों के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों और चौक-चौराहों का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और पूजा समितियों से समन्वय बनाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।

शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

उपायुक्त ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा का आयोजन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि सभी पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, CCTV से निगरानी, नियमित गश्ती और पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। यातायात जाम से बचने के लिए रूट प्लान और आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन व मेडिकल टीमों को भी अलर्ट रखा गया है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम खोरीमहुआ, एसडीएम बगोदर-सरिया, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.