रालीबेड़ा में पेयजल संकट पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, उपायुक्त के निर्देश पर बहाल हुई जलापूर्ति
उपायुक्त ऋतुराज ने लिया तत्काल संज्ञान, टैंकर से पेयजल आपूर्ति और स्थायी समाधान की प्रक्रिया शुरू

रामगढ़ : गोला प्रखंड के लुकैया पंचायत अंतर्गत रालीबेड़ा गांव में उत्पन्न पेयजल संकट पर रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया। विभिन्न माध्यमों से गांव में पेयजल समस्या की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त के निर्देश के बाद पंचायत सचिव, मुखिया एवं कनीय अभियंता की निगरानी में तकनीकी टीम रालीबेड़ा गांव पहुंची। टीम ने जलापूर्ति व्यवस्था में आई तकनीकी खराबियों की जांच कर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद चापाकल और जलापूर्ति प्रणाली को पुनः सुचारू कर दिया गया जिससे ग्रामीणों को राहत मिली। ग्रामीणों को तत्काल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने टैंकर के माध्यम से भी जलापूर्ति की व्यवस्था की। इससे प्रभावित परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाया गया और संकट की स्थिति को नियंत्रित किया गया। इधर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। कनिष्ठ अभियंता (जेई) एवं अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम ने गांव पहुंचकर जल मीनार और जलापूर्ति प्रणाली का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो इसके लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जल्द ही जल सहिया और संबंधित कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था की शेष तकनीकी खामियों की पहचान कर उन्हें दूर करने की रणनीति बनाई जाएगी ताकि ग्रामीणों को नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है और इसी उद्देश्य के तहत रालीबेड़ा गांव की पेयजल समस्या का शीघ्र निस्तारण किया गया।