मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद पार्षद उत्तरा प्रधान ने लिया संज्ञान, स्कूल में निजी खर्च से कराई ढलाई
बारिश का पानी विद्यालय परिसर में घुसने से परेशान थे बच्चे, वार्ड पार्षद उत्तरा प्रधान की पहल से मिली राहत

आदित्यपुर : नगर निगम के वार्ड संख्या 25 अंतर्गत आसंगी स्थित राजकीयकृत ओड़िया मध्य विद्यालय में बारिश के दौरान बाहर का पानी विद्यालय परिसर में प्रवेश करने की समस्या को लेकर मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद स्थानीय पार्षद उत्तरा प्रधान ने संज्ञान लिया। विद्यार्थियों और शिक्षकों की परेशानी को देखते हुए पार्षद ने अपने निजी खर्च से विद्यालय के प्रभावित हिस्से में ढलाई का कार्य कराया। बारिश के दौरान पानी परिसर में प्रवेश करने से स्कूल आने-जाने वाले बच्चों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। समस्या को देखते हुए कराई गई ढलाई से जल प्रवेश की समस्या को कम करने तथा विद्यार्थियों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है। पार्षद उत्तरा प्रधान ने कहा कि विद्यालय और बच्चों से जुड़ी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित में अपने स्तर से जो संभव होगा, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को परेशानी न हो इसके लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यक पहल करना जरूरी है। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने पार्षद की पहल की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में पानी विद्यालय परिसर में प्रवेश करने से विद्यार्थियों को काफी परेशानी होती थी। प्रभावित हिस्से में ढलाई होने से समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार मीडिया में समस्या सामने आने के बाद जनप्रतिनिधि द्वारा तत्काल पहल करना सकारात्मक कदम है। हालांकि विद्यालय परिसर में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान व्यापक जलनिकासी व्यवस्था से ही संभव होगा लेकिन फिलहाल कराए गए कार्य से विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।