आंधी-तूफान के बाद आंगो फीडर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त, तीन दिनों से अंधेरे में ग्रामीण
बिजली संकट से पढ़ाई, रोजगार और पेयजल व्यवस्था प्रभावित, ग्रिड निर्माण में तेजी की उठी मांग

हजारीबाग : बड़कागांव प्रखंड के सुदूरवर्ती आंगो फीडर क्षेत्र में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान के बाद बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण शनिवार तक भी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी जिससे हजारों ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार तीन दिनों से बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई, ऑनलाइन कार्य, छोटे व्यवसाय और डिजिटल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में पंखे, कूलर, एसी और पानी के मोटर पंप बंद रहने से दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं बेमौसम बारिश के कारण रात के समय सांप और बिच्छू का खतरा भी बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि पिछले 15 दिनों में आंधी-तूफान और तकनीकी खराबी के कारण कई बार लंबे समय तक बिजली बाधित रही है लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं दिख रही है। बिजली उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त और निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। ग्रामीणों ने बड़कागांव प्रखंड के बरवाडीह के पास निर्माणाधीन बिजली ग्रिड परियोजना के कार्य में तेजी लाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार इस ग्रिड के लिए 65 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर पहले ही पहुंच चुके हैं लेकिन निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। लोगों का कहना है कि यदि ग्रिड निर्माण जल्द पूरा हो जाए तो क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार संभव है और उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली संकट से राहत मिल सकेगी।
बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट