कुकरू की छह सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज, एसडीओ के आग्रह पर सुनील महतो ने स्थगित की भूख हड़ताल
धरना-प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग

चांडिल : कुकरू प्रखंड की बुनियादी समस्याओं के समाधान और लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग को लेकर झारखंड आंदोलनकारी मोर्चा के बैनर तले मंगलवार, 13 अक्टूबर को प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद बीडीओ की अनुपस्थिति में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी को राज्यपाल के नाम छह सूत्री मांगपत्र सौंपा गया। आंदोलनकारियों ने 14 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के आग्रह पर आंदोलनकारी सुनील महतो ने भूख हड़ताल का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो ने कहा कि कुकरू प्रखंड में लंबे समय से शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, कृषि और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं। इन मुद्दों को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया। इसी के विरोध में धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन से जनहित की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपील की गई। चांडिल एसडीओ ने सुनील महतो से भूख हड़ताल स्थगित करने का आग्रह किया जिसके बाद उन्होंने फिलहाल कार्यक्रम स्थगित करने का निर्णय लिया। आंदोलनकारियों की मांग है कि प्रशासन समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करे। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने भी धरना-प्रदर्शन को नैतिक समर्थन देते हुए कहा कि प्रखंड की बुनियादी समस्याओं का समाधान और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि भूख हड़ताल स्थगित करने के बावजूद मांगों के समाधान के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।