एनआईटी जमशेदपुर में एआईईआई-2026 का भव्य समापन, एआई नवाचार पर वैश्विक मंथन
डीप लर्निंग से लेकर इंडस्ट्री कनेक्ट तक - सम्मेलन ने दिखाया भविष्य की तकनीक का रास्ता

आदित्यपुर : एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एआई इंजीनियरिंग एंड इनोवेशन (एआईईआई-2026) का समापन शनिवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। 26 से 28 मार्च तक चले इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लेकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता और अभियांत्रिकी नवाचार के विभिन्न आयामों पर व्यापक चर्चा की। समापन समारोह की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने की। उनके साथ कुलसचिव प्रो. सरोज कुमार सारंगी एवं विद्युत अभियांत्रिकी विभागाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह भी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अल्लाहाबाद के प्रो. आशीष कुमार सिंह और उद्योग विशेषज्ञ विनोद वीरमाचनैनी शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत जनरल को-चेयर डॉ. सुरजीत कुंडु के स्वागत संबोधन से हुई। इस दौरान अतिथियों को सम्मानित किया गया और सम्मेलन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। प्रो. आशीष कुमार सिंह ने अपने संबोधन में डीप लर्निंग, पावर सिस्टम्स और नवीकरणीय ऊर्जा में एआई की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया। वहीं उद्योग विशेषज्ञ विनोद वीरमाचनैनी ने छात्रों के लिए ThinkMediator Inc. में इंटर्नशिप अवसरों की घोषणा की, जिससे छात्रों में उत्साह देखा गया। निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने समापन भाषण में आयोजन समिति और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए संस्थान की नवाचार और अनुसंधान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। यह सम्मेलन डॉ. वीर प्रताप मीणा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक आयोजित हुआ। अंत में धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान और समूह छायाचित्र के साथ एआईईआई-2026 का औपचारिक समापन हुआ।