ताज़ा-ख़बर

गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी पुलिसकर्मी हिरासत में

रिपोर्ट: MANISH 6 घंटे पहलेझारखण्ड

पारिवारिक विवाद की शिकायत करने पहुंची महिला ने पुलिसकर्मी पर लगाया गंभीर आरोप, एसडीपीओ कर रहें जांच

गम्हरिया थाने में शिकायत लेकर पहुंची महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी पुलिसकर्मी हिरासत में

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के दुग्धा गांव की रहने वाली एक महिला ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के अनुसार वह पारिवारिक विवाद से परेशान होकर गुरुवार रात करीब 11 बजे शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाना पहुंची थी। देर रात होने और पति द्वारा मारपीट किए जाने के डर से वह थाने में ही रुक गई। पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ जबरदस्ती की। महिला ने बताया कि उसने विरोध करते हुए शोर मचाया और बचने की कोशिश की। इसी दौरान पास में पड़े चाकू को उठाने पर कथित तौर पर पुलिसकर्मी के हाथ में चोट लग गई। महिला के अनुसार, कमरे और उसके कपड़ों पर खून भी लगा। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल मची है। शुक्रवार देर रात गम्हरिया थाना परिसर में एसडीपीओ द्वारा थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ बंद कमरे में बैठक किए जाने की सूचना है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों द्वारा आंतरिक जांच शुरू किए जाने की बात भी सामने आई है। बताया गया कि घटना की सूचना मिलने के बाद सरायकेला एसडीपीओ मामले की जांच कर रहें हैं। उन्होंने वीडियो बयान देने से इनकार करते हुए कहा कि मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जिस पुलिसकर्मी पर आरोप लगाया गया है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची महिला की सुरक्षा और पुलिसकर्मी पर लगे आरोपों को लेकर मामला गंभीर माना जा रहा है। अब जांच में महिला के बयान, संबंधित पुलिसकर्मी से पूछताछ, चिकित्सकीय परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर है।

इन्हें भी पढ़ें.