ताज़ा-ख़बर

20 लाख के इनामी माओवादी रविन्द्र गंझू की निशानदेही पर AK-56, 90 कारतूस बरामद

रिपोर्ट: Santosh Kumar2 दिन पहलेझारखण्ड

रिमांड में पूछताछ के दौरान कई नक्सली घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

20 लाख के इनामी माओवादी रविन्द्र गंझू की निशानदेही पर AK-56, 90 कारतूस बरामद

लातेहार।लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर चलाए गए संयुक्त विशेष अभियान "स्पेशल ऑप्स कांटी (SPECIAL OPS KANTI)" में गिरफ्तार 20 लाख रुपये के इनामी माओवादी एवं प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सक्रिय रीजनल कमेटी सदस्य रविन्द्र गंझू उर्फ मुकेश गंझू उर्फ सुरेन्द्र गंझू से पुलिस रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं।

रविवार को पुलिस अधीक्षक सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई नक्सली घटनाओं एवं आपराधिक मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक AK-56 स्वचालित राइफल, दो मैगजीन, 90 जिंदा कारतूस तथा एक काले रंग का पाउच बरामद किया है।

एसडीपीओ ने बताया कि 12 जुलाई 2026 को लातेहार पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा-209 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा चंदवा थाना क्षेत्र के बांझी टोला गांव के बाहर जंगल स्थित बरगद के पेड़ के समीप विशेष अभियान चलाकर रविन्द्र गंझू को गिरफ्तार किया गया था।गिरफ्तारी के समय भी उसकी निशानदेही पर हथियार एवं गोलियां बरामद हुई थीं। रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद पुनः हथियारों की बरामदगी हुई है।पुलिस के अनुसार 43 वर्षीय रविन्द्र गंझू पिछले लगभग 30 वर्षों से माओवादी संगठन से जुड़ा रहा है।

वह चंदवा, गुमला और लोहरदगा क्षेत्र में लेवी वसूली, विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने, सुरक्षा बलों पर हमले तथा आम लोगों में दहशत फैलाने जैसी गतिविधियों में सक्रिय रहा है। उसके विरुद्ध लातेहार में 41, लोहरदगा में 87 तथा गुमला में 27, कुल 155 आपराधिक मामले दर्ज हैं।इस सफल अभियान में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, बेतर ओपी प्रभारी रितेश कुमार राव, बारेसाढ़ थाना प्रभारी शशि कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रितेश तिग्गा, एसएटी-01 एवं एसएटी-45 के जवानों के साथ सीआरपीएफ एवं कोबरा-209 के सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने इसे नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में उग्रवाद के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.