ताज़ा-ख़बर

सिक्किम सुरंग हादसे में सात श्रमिकों की मौत, 25 से अधिक अब भी फंसे

रिपोर्ट: VBN News Desk1 दिन पहलेदेश

एनडीआरएफ-एसडीआरएफ का रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, गैस रिसाव की आशंका के बीच बचाव कार्य जारी

सिक्किम सुरंग हादसे में सात श्रमिकों की मौत, 25 से अधिक अब भी फंसे

गंगटोक। सिक्किम के नाम्ची जिले के झोलुंगे क्षेत्र स्थित समरदोंग में निर्माणाधीन एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए हादसे में अब तक सात श्रमिकों की मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, सुरंग के भीतर 25 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर सुरंग के भीतर कार्य कर रहे श्रमिकों ने तेज विस्फोट जैसी आवाज सुनी। इसके बाद सुरंग में कथित गैस रिसाव की आशंका उत्पन्न हो गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कई श्रमिक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि अनेक मजदूर सुरंग के अंदर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एनएचपीसी तथा विभिन्न राहत एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआती बचाव प्रयास गैस रिसाव, सुरंग के भीतर प्रतिकूल परिस्थितियों और आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण प्रभावित रहे। बाद में पाक्योंग और सिलीगुड़ी से पहुंची राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों को अभियान में शामिल किया गया, जिसके बाद बचाव कार्य में तेजी आई।

मंगलवार सुबह 4:40 बजे तक प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। मृतकों के शवों को सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नाम्ची जिला अस्पताल में रखा गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।

राहत एवं बचाव अभियान में जिला प्रशासन, एनएचपीसी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभाग संयुक्त रूप से जुटे हुए हैं। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।

इन्हें भी पढ़ें.