छठ व्रत के बीच वार्ड की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन कर रहीं पार्षद नीतू शर्मा
नहाय-खाय के साथ शुरू किया महाव्रत, खरना के महाप्रसाद में वार्डवासियों को किया आमंत्रित

आदित्यपुर : लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने भी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठ महाव्रत की शुरुआत की। नहाय-खाय के दिन उन्होंने पारंपरिक रूप से कद्दू-भात का प्रसाद ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया। पार्षद नीतू शर्मा प्रत्येक वर्ष छठ का कठिन व्रत करती हैं। खास बात यह है कि धार्मिक अनुष्ठान और व्रत की साधना के साथ-साथ वह वार्ड से जुड़ी अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करती हैं। जनप्रतिनिधि होने के नाते वार्डवासियों से संपर्क बनाए रखते हुए छठ की परंपराओं का पालन करना उनके लिए विशेष महत्व रखता है। छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना कर खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद लगभग 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू होगा। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इस अवसर पर पार्षद नीतू शर्मा ने वार्ड संख्या 17 सहित सभी वार्डवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान सूर्यनारायण और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। साथ ही शनिवार को आयोजित खरना के महाप्रसाद में शामिल होने के लिए वार्डवासियों को आमंत्रित किया।