ताज़ा-ख़बर

पश्चिमी सिंहभूम में 500 रुपये के लेनदेन को लेकर महिला की पीट-पीटकर हत्या, एक महिला समेत छह गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेअपराध

सोनुआ के हाडीमारा गांव में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, हत्या में प्रयुक्त खून लगे डंडे बरामद

पश्चिमी सिंहभूम में 500 रुपये के लेनदेन को लेकर महिला की पीट-पीटकर हत्या, एक महिला समेत छह गिरफ्तार

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के हाडीमारा गांव में महज 500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 41 वर्षीय महिला जिंगी बांकिरा की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में कथित रूप से इस्तेमाल किए गए खून लगे लकड़ी के डंडे सहित कई सामान बरामद किए हैं। चक्रधरपुर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाश्मी ने प्रेस वार्ता में बताया कि सोनुआ थाना पुलिस को चौकीदार के माध्यम से हाडीमारा गांव में एक महिला की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतका की पहचान हाडीमारा निवासी जिंगी बांकिरा, पति स्वर्गीय बोगन बांकिरा के रूप में हुई। मृतका के पुत्र प्रेम सिंह बांकिरा के लिखित आवेदन के आधार पर सोनुआ थाना कांड संख्या 37/2026, दिनांक 12 नवंबर 2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह 500 रुपये के पुराने लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। 11 नवंबर की रात हाडीमारा गांव में स्वर्गीय पांडु गोप के घर एक कार्यक्रम आयोजित था। वहां कुछ लोग घर के बाहर बैठकर आग ताप रहे थे। इसी दौरान जिंगी बांकिरा वहां पहुंची और कथित तौर पर 500 रुपये वापस नहीं करने को लेकर विवाद करने लगी। पुलिस का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी महिला को खोजते हुए उसके घर पहुंचे। बाद में वह घर के समीप बागान में मिली। आरोप है कि उसे पकड़कर सड़क के पास ले जाया गया और लाठी-डंडों, थप्पड़ों तथा लात-घूंसों से मारपीट की गई। पुलिस के मुताबिक सूरज गोप ने लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर छह से सात बार वार किया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने सूरज गोप (25), रघु गोप (19), गुकुल गोप उर्फ लंगड़ (26), रीना गोप (32), मधु गोप उर्फ कोचे (19) और कृष्णा गोप (26) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक प्रक्रिया के लिए आगे भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून लगे लकड़ी के दो डंडे, घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, कंट्रोल सैंपल, कांच की चूड़ी का टुकड़ा तथा खून लगे जींस पैंट, चप्पल और मोजे जब्त किए हैं। इन वस्तुओं को जांच के लिए साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित किया गया है। छापेमारी दल में सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा, एसआई घनश्याम कोराई, एसआई राजेश महतो और सोनुआ थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय पुलिस से शिकायत करें। मामले में आगे की जांच जारी है।

इन्हें भी पढ़ें.