ताज़ा-ख़बर

भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल, राहगीरों के लिए राहत बनी पनशाला

रिपोर्ट: अकरम 45 मिनट पहलेझारखण्ड

साप्ताहिक बाजार में ठंडा पानी और गुड़ वितरण, व्यवसायियों की पहल की लोगों ने की सराहना

भीषण गर्मी में मानवता की मिसाल, राहगीरों के लिए राहत बनी पनशाला

बरवाडीह, लातेहार : भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बरवाडीह बस स्टैंड परिसर में संचालित पनशाला राहगीरों, यात्रियों और बाजार आने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार के अवसर पर व्यवसायिक संघ एवं समाजसेवियों की ओर से विशेष रूप से ठंडा पानी और गुड़ का वितरण किया गया जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में पेयजल संकट और भीषण गर्मी को देखते हुए व्यवसायी सह समाजसेवी विनय अग्रवाल द्वारा 24 अप्रैल को बस स्टैंड परिसर में पनशाला की शुरुआत की गई थी। तब से प्रतिदिन राहगीरों एवं आम लोगों को निःशुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार में लोगों की अधिक भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई। इस दौरान करीब 10 जार ठंडा पानी के साथ गुड़ का वितरण किया गया। सेवा कार्यक्रम में व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने स्वयं मौजूद रहकर लोगों के बीच पानी और गुड़ बांटा। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाना सबसे बड़ा मानव धर्म है। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों को आगे बढ़कर जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आगे भी यह सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि पनशाला का उद्घाटन व्यवसायी विनय अग्रवाल की पुत्री गीतांजलि कुमारी के हाथों व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज की उपस्थिति में कराया गया था। तभी से यह पहल स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। बाजार पहुंचे ग्रामीणों और यात्रियों ने भी इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के इस दौर में ठंडा पानी और गुड़ वितरण जैसी पहल लोगों को बड़ी राहत दे रही है। कार्यक्रम में व्यवसायिक संघ के सलाहकार विवेक कुमार सिंह समेत कई व्यवसायी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज में इस तरह की जनसेवा की भावना बढ़नी चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को राहत मिल सके और सामाजिक सहयोग की भावना मजबूत हो।

इन्हें भी पढ़ें.