ताज़ा-ख़बर

शादीशुदा प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती चढ़ी मोबाइल टावर पर, डेढ़ घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

गोमो में अफरा-तफरी, प्रेमी को छोड़ो और शादी कराओ की मांग पर युवती की जिद, पुलिस ने सुरक्षित उतारा

शादीशुदा प्रेमी की गिरफ्तारी से नाराज युवती चढ़ी मोबाइल टावर पर, डेढ़ घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

धनबाद : जिले के गोमो स्थित सिकलाइन इलाके में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवती अपने प्रेमी को पुलिस हिरासत से छुड़ाने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान इलाके में भारी भीड़ जुट गई और लोगों की सांसें थमी रहीं। पुलिस और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा गया। जानकारी के अनुसार शाहरिया निवासी देवन्ती कुमारी नामक युवती एक शादीशुदा युवक से प्रेम करती है। बताया जा रहा है कि उक्त युवक को किसी मामले में निमियाघाट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रेमी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही युवती भावुक हो गई और सीधे सिकलाइन स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर चढ़ने के बाद युवती लगातार अपने प्रेमी को रिहा करने और उससे शादी कराने की मांग करती रही। नीचे मौजूद पुलिसकर्मी, ग्रामीण और परिजन उसे समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन वह उतरने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान टावर के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हरिहरपुर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अंततः करीब डेढ़ घंटे बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। नीचे उतरते ही पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई और मामले की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। स्थानीय मुखिया अहमद अली ने बताया कि युवती काफी देर तक टावर पर बैठी रही और लगातार अपनी मांग दोहराती रही। उन्होंने कहा कि पुलिस और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवती से पूछताछ की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.