आरकेएफएल प्लांट-8 में पहली बार लगा रक्तदान शिविर, 180 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित
निर्धारित लक्ष्य से आगे निकली आरकेएफएल टीम, सामाजिक सरोकार में कर्मचारियों ने दिखाई बड़ी भागीदारी

सरायकेला : रामकृष्णा फोर्जिंग लिमिटेड (आरकेएफएल) प्लांट-8 में रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में कर्मचारियों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पहली बार आयोजित इस शिविर में कंपनी ने 150 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा था लेकिन कर्मचारियों के उत्साह और सहभागिता के कारण 180 यूनिट से अधिक रक्त संग्रहित किया गया। इस उपलब्धि को लेकर कंपनी प्रबंधन ने खुशी जताई है। शिविर का आयोजन रामकृष्णा फाउंडेशन की ओर से प्लांट-8 स्थित एडमिन बिल्डिंग, स्किल सेंटर परिसर में किया गया। सुबह 9 बजे से शुरू हुआ रक्तदान शिविर शाम 4 बजे तक चला जिसमें बड़ी संख्या में कर्मचारियों, अधिकारियों और युवाओं ने रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। आरकेएफएल के चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरिमोहन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। उन्होंने बताया कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार आयोजित शिविर में उम्मीद से अधिक रक्त संग्रह होना कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं आरकेएफएल प्लांट-8 के एचआर हेड नीरज सिन्हा ने कहा कि कंपनी अपने सभी प्लांटों में समय-समय पर सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। उन्होंने कहा कि प्लांट-8 में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया और कर्मचारियों ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। भविष्य में भी इस तरह के जनहित कार्यक्रम जारी रहेंगे। इस सफल आयोजन के पीछे आरकेएफएल के सुरक्षा प्रबंधक नवीन सिन्हा की विशेष भूमिका रही। कर्मचारियों को जागरूक करने और शिविर को सफल बनाने में उनके योगदान की लोगों ने सराहना की। रक्तदान शिविर के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा और सभी आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। आयोजन स्थल पर उत्साह और सेवा भावना का माहौल देखने को मिला।