भैंसादोन में ग्राम सभा का बड़ा फैसला, बिना सूचना कंपनी गतिविधियों का होगा विरोध
21 मई को गेरेंजा में होने वाली बैठक में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया।

By Santosh Kumar लातेहार।लातेहार जिले के बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत भैंसादोन गांव के दुर्गा मंडप परिसर में रविवार को ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में ग्राम सभा की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में एनटीपीसी एवं एनएलसी से जुड़ी गतिविधियों, सर्वे कार्य और प्रस्तावित जनसुनवाई को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि कंपनियों द्वारा गांव में सर्वे, बैठक और अन्य गतिविधियां बिना पूर्व सूचना के संचालित की जा रही हैं।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को यह तक जानकारी नहीं दी जाती कि कब जमीन का मापन हो रहा है और कब कंपनी के लोग गांव पहुंच रहे हैं। इसे लेकर लोगों में भारी असंतोष है।ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भविष्य में गांव में किसी भी प्रकार की कंपनी गतिविधि, सर्वे या जनसुनवाई से पहले ग्राम सभा एवं ग्रामीणों को सूचना देना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति गांव में प्रवेश करने या गतिविधि चलाने का ग्रामीण सामूहिक विरोध करेंगे। साथ ही 21 मई को गेरेंजा में होने वाली बैठक में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने का निर्णय लिया गया।जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी ने कहा कि ग्राम सभा सर्वोच्च है और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना किसी भी योजना को आगे बढ़ाना गलत है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के अधिकार, जमीन और सम्मान की रक्षा के लिए वे हमेशा संघर्ष करती रहेंगी।बैठक में संजय यादव, उदय यादव, रामवृक्ष यादव, सौरव यादव, नंदकुमार यादव, पंचायत समिति सदस्य बीरबल जी, भारत यादव, भोला यादव, अंबिका यादव, फुलदेव यादव, बिहारी यादव, विश्वनाथ मुंडा, ग्राम प्रधान धाधू, दशरथ यादव, सूरत यादव, निर्मल यादव, बालेश्वर यादव, बसंती उरांव, बालकिशन यादव, गोवर्धन यादव, वीरेंद्र यादव, काबिलाश यादव, विनोद यादव, जितेंद्र यादव, विनोद प्रजापति, देवनाथ उरांव, रामलाल उरांव, गेरेंजा, बिट्टू सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।