ताज़ा-ख़बर

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर अन्नपूर्णा देवी का तीखा हमला, झारखंड सरकार को बताया निकम्मा और भ्रष्ट

रिपोर्ट: MANISH 2 दिन पहलेदेश

महिला सुरक्षा पर उठाए सवाल, मैया सम्मान योजना को बताया छलावा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं की भूमिका होगी निर्णायक

आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर अन्नपूर्णा देवी का तीखा हमला, झारखंड सरकार को बताया निकम्मा और भ्रष्ट

सरायकेला-खरसावां : आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के मौके पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बुधवार को सरायकेला जिले के आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदर्शनी सभा एवं प्रेस वार्ता में कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को देश में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय कहा जाएगा जिसे देश कभी नहीं भूलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आधी रात को आपातकाल लागू कर देश को एक खुली जेल बना दिया था। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आज़ादी और नागरिक अधिकारों को कुचल दिया गया था। लाखों राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों को जेल में बंद कर दिया गया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता के स्वार्थ में देश की जनता के साथ धोखा किया और लोकतंत्र की हत्या कर दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा इस काले अध्याय को आज के युवाओं तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन कर रही है ताकि वे लोकतंत्र की कीमत और उसकी रक्षा का महत्व समझ सकें। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण दशकों से लंबित नारी शक्ति वंदन अधिनियम अब संसद से पारित हो चुका है। यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है जो महिला नेतृत्व की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अब निर्णायक होगी। केंद्रीय मंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर पा रही है न ही विकास कार्यों को आगे बढ़ा पा रही है। राज्य में महिलाओं पर अत्याचार और अपराध बढ़ते जा रहे हैं लेकिन प्रशासन संवेदनहीन बना हुआ है। कहीं महिलाओं को टुकड़ों में काटकर बोरे में फेंका जा रहा है तो कहीं तेजाब से हमला हो रहा है, फिर भी अपराधी बेखौफ हैं और अधिकारी कुंभकर्णी नींद में। झारखंड सरकार की मैया सम्मान योजना पर टिप्पणी करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह केवल चुनावी स्टंट था। सरकार ने एक-दो बार राशि दी फिर योजना ठंडे बस्ते में चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सम्मान की परिभाषा ही नहीं समझती और हर मोर्चे पर विफल है। उन्होंने राज्य की महिलाओं से अपील की कि वे सरकार के झूठे वादों से सावधान रहें। इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे, जिनमें जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह देव, निवर्तमान मेयर विनोद श्रीवास्तव, डिप्टी मेयर अमित सिंह, भाजपा कार्यसमिति सदस्य सुनील श्रीवास्तव, उद्योग प्रकोष्ठ के संयोजक बबलू सिंह, उपाध्यक्ष राकेश सिंह, राकेश मिश्रा और रमेश हांसदा प्रमुख रूप से शामिल थे।

बाइट : अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय मंत्री

इन्हें भी पढ़ें.