रेल सेवा विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित हुए अरुण साह
इससे पूर्व भी उन्हें डीआरएम पुरस्कार, सेफ्टी कैश अवार्ड एवं पी.सी.ओ.एम. पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।

By Ajay Kumar
पाकुड़: पूर्व रेलवे द्वारा परिवहन निरीक्षक (रामपुरहाट–गुमानी सेक्शन) अरुण साह को रेलवे संचालन, सुरक्षा एवं प्रशासनिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए रेल सेवा विशिष्ट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान कोलकाता में आयोजित एक विशेष समारोह में पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा प्रदान किया गया।
श्री साह ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा एवं दक्षता के साथ करते हुए रामपुरहाट–मुरारई तीसरी लाइन के एन.आई. कार्य तथा पाकुड़ स्टेशन के एन.आई. कार्य को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से न केवल आधारभूत संरचना के विकास को गति मिली, बल्कि यातायात संचालन भी अधिक सुचारु एवं प्रभावी हुआ।
उन्होंने स्टेशन की कार्यप्रणाली में सुधार, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया। उनके मार्गदर्शन में स्टेशन प्रबंधन अधिक संगठित एवं पारदर्शी बना, जिससे कार्यकुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन के लिए उन्होंने आधुनिक ऑडियो-वीडियो माध्यमों एवं नवाचारपूर्ण तरीकों का उपयोग किया, जिससे कर्मचारियों के कौशल, जागरूकता एवं मनोबल में वृद्धि हुई। साथ ही, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने एवं नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने में भी उन्होंने अहम योगदान दिया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उन्हें डीआरएम पुरस्कार, सेफ्टी कैश अवार्ड एवं पी.सी.ओ.एम. पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। यह प्रतिष्ठित सम्मान पूर्व रेलवे के हावड़ा, मालदा, आसनसोल एवं सियालदह मंडलों के उत्कृष्ट कर्मचारियों एवं अधिकारियों को प्रदान किया जाता है।
पूर्व रेलवे ने इस उपलब्धि पर अरुण साह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।