बरवाडीह में बालिका विद्यालय भवन निर्माण में बड़ा भ्रष्टाचार!
घटिया सामग्री से बन रहा भवन, जांच की मांग तेज

बरवाडीह(लातेहार): बरवाडीह प्रखंड स्थित परियोजना बालिका उच्च विद्यालय में चल रहे भवन निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। इसको लेकर प्रखंड सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि भवन निर्माण में घटिया गुणवत्ता वाले सीमेंट और बालू का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती शुरू से ही संदेह के घेरे में आ गई है। स्थल निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि फाउंडेशन के लिए तैयार किए गए कॉलम (पिलर) की ढलाई मानकों के अनुरूप नहीं की गई है। साथ ही निर्माण के बाद आवश्यक पानी का पटवन भी नहीं किया जा रहा है, जो किसी भी मजबूत निर्माण के लिए बेहद जरूरी होता है।
उन्होंने यह भी बताया कि पिलर निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे रिंग (सरिया बाइंडिंग) भी निम्न गुणवत्ता के हैं। सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहां कि कल्याण विभाग के जेई ऋषिकांत चौधरी और संवेदक (ठेकेदार) की मिलीभगत से यह पूरा निर्माण कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि का खुलेआम दुरुपयोग हो रहा है और जिम्मेदार अधिकारी अपनी भूमिका निभाने में विफल साबित हो रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यह भवन छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही भविष्य में बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य को लेकर गहरा असंतोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह भवन भविष्य में जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।