महार रेजिमेंट का प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे अरविंद यादव व तपन महतो, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
ग्रामीणों ने कहा कि अरविंद यादव और तपन महतो ने देश की सेवा का मार्ग चुनकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।

Ajay Kumar
हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर प्रखंड के सुंदरपुर गांव के दो युवाओं ने देश सेवा के प्रति अपने समर्पण और जज्बे का परिचय देते हुए महार रेजिमेंट में छह माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सोमवार को गांव लौटने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सुंदरपुर निवासी ध्रुव यादव के पुत्र अरविंद यादव तथा राजकिशोर यादव के पुत्र तपन महतो के घर पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। दोनों युवाओं की इस उपलब्धि पर माता-पिता ने गर्व व्यक्त किया, वहीं गांव के लोगों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों ने कहा कि अरविंद यादव और तपन महतो ने देश की सेवा का मार्ग चुनकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से गांव के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी राष्ट्र सेवा के लिए आगे आने को प्रोत्साहित होंगे।
इस अवसर पर मोहल्लेवासियों ने दोनों युवाओं का स्वागत करते हुए उनके साहस, अनुशासन और देशभक्ति की भावना की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि देश सेवा का यह जज्बा और जुनून हमेशा बरकरार रहे तथा दोनों युवा राष्ट्र की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहें।
गांव में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच लोगों ने दोनों युवाओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। उनकी इस उपलब्धि से सुंदरपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में गर्व का माहौल है।