ताज़ा-ख़बर

इंटरनेशनल स्पेल बी के नेशनल मेगा फाइनल में रांची के अव्यान ईशान ने हासिल किया 10वां स्थान

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

इंटरनेशनल स्पेल बी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के अंग्रेजी भाषा के ज्ञान और शब्दों पर पकड़ को विभिन्न चरणों में परखा जाता है।

इंटरनेशनल स्पेल बी के नेशनल मेगा फाइनल में रांची के अव्यान ईशान ने हासिल किया 10वां स्थान

Bu Sudhir रांची। अंग्रेजी शब्दों की सही स्पेलिंग और उच्चारण के राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले में रांची के नन्हे प्रतिभागी अव्यान ईशान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में 10वां स्थान हासिल किया है। संत थॉमस स्कूल में कक्षा तीन के छात्र अव्यान ने इंटरनेशनल स्पेल बी कंपटीशन के नेशनल मेगा फाइनल में यह उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता में देशभर से हजारों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए अव्यान को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इंटरनेशनल स्पेल बी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के अंग्रेजी भाषा के ज्ञान और शब्दों पर पकड़ को विभिन्न चरणों में परखा जाता है। प्रतियोगिता के दौरान कठिन अंग्रेजी शब्दों की स्पेलिंग, उनके सही उच्चारण और शब्दों को पहचानने की क्षमता समेत कई स्तरों पर प्रतिभागियों का परीक्षण किया जाता है। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच अव्यान ने अपनी प्रतिभा और तैयारी का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय फाइनल में शीर्ष 10 में जगह बनाई।

अव्यान इससे पहले भी अंग्रेजी भाषा से जुड़ी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुका है। वह इंग्लिश ओलिंपियाड में ईस्ट रीजन का चैंपियन रह चुका है। लगातार प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन से उसकी अंग्रेजी शब्दावली और स्पेलिंग पर मजबूत पकड़ का पता चलता है।

अपनी उपलब्धि को लेकर अव्यान ने बताया कि वह आगे भी इस क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करना चाहता है। उसका अगला लक्ष्य इंटरनेशनल स्पेल बी के वर्ल्ड कंपटीशन में हिस्सा लेना है। अव्यान ने बताया कि उसने वर्ल्ड कंपटीशन के लिए क्वालीफाई कर लिया है और अब इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है। कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल करने के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने को लेकर वह उत्साहित है।

अव्यान की इस उपलब्धि पर जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, संत थॉमस स्कूल के प्राचार्य रेव. थॉमस के. थॉमस और विद्यालय के शिक्षकों ने बधाई दी है। अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि इतनी कम उम्र में अव्यान ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उसने न केवल रांची, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है। उन्होंने अव्यान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ सफलता हासिल करे।

विद्यालय के प्राचार्य रेव. थॉमस के. थॉमस ने कहा कि अव्यान की उपलब्धि पूरे स्कूल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य बच्चों को भी आगे बढ़ने और विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने अव्यान को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और शहर का नाम रोशन करेगा।

इन्हें भी पढ़ें.