वार्षिणी प्लस-2 स्कूल में साइबर अपराध, मानव तस्करी और नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, सुरक्षित रहने का दिया संदेश

सीनी : सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत वार्षिणी प्लस-2 स्कूल में बुधवार, 2 सितंबर 2026 को साइबर अपराध, मानव तस्करी एवं नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए सतर्क रहने की अपील की। जागरूकता अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते खतरे और ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से बचने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस या संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को देने के लिए प्रेरित किया गया। ओपी प्रभारी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को साइबर अपराध, नशा तथा मानव तस्करी जैसे अपराधों के प्रति जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर उसे छिपाने के बजाय पुलिस को तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही अपराधों से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है और विद्यार्थियों की भूमिका इसमें काफी अहम है। पुलिस की ओर से ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान विद्यार्थियों को किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा नहीं करने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने तथा नशे से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की गई।