ताज़ा-ख़बर

बाबूपारा डबल मर्डर केस का खुलासा, पोते ने ही की थी दादा-दादी की निर्मम हत्या

रिपोर्ट: VBN News Desk9 घंटे पहलेअपराध

भूत-प्रेत और डायन-बिसाही के शक में वारदात, मुख्य आरोपी विक्की दास गिरफ्तार

बाबूपारा डबल मर्डर केस का खुलासा, पोते ने ही की थी दादा-दादी की निर्मम हत्या

बड़कागांव : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपारा गांव में वृद्ध दंपति की निर्मम हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में मृतक के पोते विक्की कुमार दास को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे भूत-प्रेत, डायन-बिसाही का शक और पारिवारिक विवाद मुख्य कारण रहा। जानकारी के अनुसार 15 फरवरी की रात सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी 80 वर्षीय वकील राम और उनकी पत्नी 60 वर्षीय झुनिया देवी की घर में घुसकर चिलोही और कुल्हाड़ी से गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले को लेकर 16 फरवरी को बड़कागांव थाना में कांड संख्या 26/26 दर्ज किया गया था। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने प्रेस को बताया कि जांच के दौरान मृतक का 27 वर्षीय पोता विक्की कुमार दास, पिता राजन दास, निवासी बाबूपारा को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि परिवार में लंबे समय से भूत-प्रेत और डायन-बिसाही को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी विक्की अपनी बेरोजगारी, चचेरी बहन के संतान नहीं होने और परिवार में लगातार बीमारी के लिए अपनी दादी को जिम्मेदार मानता था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में दो से तीन अन्य लोग भी संदिग्ध हैं, जिनकी भूमिका की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद खोजी कुत्ता और फोरेंसिक टीम की मदद से भी जांच की गई थी। सूत्रों के अनुसार आरोपी विक्की बीएड की पढ़ाई कर चुका है और बलोदर गांव में साझेदारी में पोल्ट्री फार्म चलाता था। हालांकि हत्या के बाद से पोल्ट्री फार्म बंद पड़ा है। थाना प्रभारी दीपक सिंह ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उनके नेतृत्व में हाल के दिनों में कई चर्चित मामलों का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा गया है।

इन्हें भी पढ़ें.