फुलझरिया सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों ने जताई चिंता, शीघ्र निर्माण की मांग
सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

Dilip Karmali
रामगढ़ (गोला): गोला प्रखंड की चोकाद पंचायत अंतर्गत हेठ खाखरा में ऊपर मड़ई से फुलझरिया पानी टंकी तक जाने वाली सड़क की जर्जर स्थिति से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय सहायक अध्यापक लालदेव रजक ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए उच्च स्तर पर पहल की जाए, ताकि जल्द से जल्द इसका पुनर्निर्माण हो सके। उन्होंने बताया कि यह सड़क चोकाद से फुलझरिया होते हुए पेटरवार, ऊपर खाखरा, खैराचातर और कसमार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है।
उन्होंने कहा कि लगभग 18 वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण हुआ था। इसके बाद क्षेत्र की अन्य सड़कों की कई बार मरम्मत हुई, लेकिन इस लगभग 3 किलोमीटर लंबे मार्ग की अब तक उपेक्षा की जाती रही है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण स्कूली बच्चों, ग्रामीणों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि इस सड़क का पुनर्निर्माण हो जाता है तो क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग उनकी मांग पर शीघ्र सकारात्मक पहल करेगा।