ताज़ा-ख़बर

दुर्गा पूजा को लेकर बड़कागांव पुलिस अलर्ट, सांढ़ गांव में किया मॉक ड्रिल

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेझारखण्ड

सांढ़-छपेरवा विवाद के मद्देनजर सुरक्षा अभ्यास, उपद्रवियों से निपटने और भीड़ नियंत्रण का किया प्रदर्शन

दुर्गा पूजा को लेकर बड़कागांव पुलिस अलर्ट, सांढ़ गांव में किया मॉक ड्रिल

रिपोर्ट : अजय कुमार

बड़कागांव : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए हजारीबाग जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देशन में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना क्षेत्र के सांढ़ गांव में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन तथा आपात परिस्थितियों में उपद्रवियों से निपटने का अभ्यास किया। साथ ही आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों का प्रदर्शन किया गया। बताया गया कि दुर्गा पूजा को लेकर सांढ़ और छपेरवा गांव के बीच चल रहे गतिरोध के मद्देनजर पुलिस ने सांढ़ गांव में यह मॉक ड्रिल आयोजित की। इसका उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल की तैयारियों को परखना और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना था। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने आपात स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवियों से निपटने और कानून-व्यवस्था कायम रखने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। अचानक पुलिस की इस गतिविधि को देखकर शुरुआत में ग्रामीणों और राहगीरों को समझने में कुछ देर लगी कि आखिर गांव में इस तरह का अभ्यास क्यों किया जा रहा है। बाद में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौके पर जुट गए। कई लोग अपने घरों की छतों से भी मॉक ड्रिल का नजारा देखते रहे।

समझाने के बाद ही कार्रवाई करती है पुलिस

मौके पर इंस्पेक्टर मो. शाहिद रजा ने कहा कि पुलिस नहीं चाहती कि किसी भी प्रदर्शन के दौरान कार्रवाई की नौबत आए। सबसे पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से नियंत्रित करने का प्रयास किया जाता है। इसके बावजूद यदि लोग नहीं मानते और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, तो पुलिस को मजबूरन कार्रवाई करनी पड़ती है। वहीं थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल के माध्यम से आपराधिक और शरारती तत्वों को भी यह संदेश देने का प्रयास किया जाता है कि पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर नियमानुसार चरणबद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा पुलिस-प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। मॉक ड्रिल में मेजर कुमार देवव्रत, इंस्पेक्टर मो. शाहिद रजा, एसआई अभिषेक कुमार समेत दर्जनों पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए।

इन्हें भी पढ़ें.