मजदूरों की दयनीय स्थिति पर उठा सवाल, एकजुट संघर्ष का आह्वान
सभा से पूर्व गांधी स्मृति टाउन हॉल से एक रैली निकाली गई,

मेदिनीनगर : "झारखंड के मजदूरों की हालत दयनीय है, विशेषकर असंगठित क्षेत्र में कार्यरत निर्माण मजदूरों की। उनके बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ तक नहीं मिल पाता, जबकि केरल जैसे राज्यों में आंगनबाड़ी, मनरेगा और अन्य कल्याणकारी योजनाएं मजदूरों को आसानी से उपलब्ध होती हैं। वहां के मजदूर संगठित हैं, इसलिए उन्हें अधिकार मिलते हैं।" उक्त बातें ऑल इंडिया कंस्ट्रक्शन मजदूर यूनियन के महासचिव कामरेड विजयन कुनसेरी ने पलामू क्लब में आयोजित मजदूर सभा को संबोधित करते हुए कही।
यह सभा झारखंड राज्य दिहाड़ी मजदूर यूनियन, मेदिनीनगर नगर निगम सफाई कर्मचारी यूनियन और अन्य मजदूर संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। सभा की अध्यक्षता गौतम कुमार एवं संचालन राजीव कुमार ने किया।
मंच पर उपस्थित अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव केडी सिंह, इप्टा झारखंड की आलोका, नगर निगम सफाई कर्मी यूनियन के अध्यक्ष विष्णु कुमार, माले नेत्री दिव्या भगत, भाकपा नेत्री सुषमा देवी, इप्टा के प्रेम प्रकाश, गोविंद प्रसाद और मजदूर यूनियन के मनोज तिवारी ने भी सभा को संबोधित किया।
केडी सिंह ने कहा कि "दुनिया मजदूरों की मेहनत से चमक रही है, लेकिन उनका हक छीना जा रहा है। मौजूदा सरकार श्रम कानूनों को समाप्त कर रही है और जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटका रही है।"
राजीव कुमार ने मजदूरी की दर पर सवाल उठाते हुए कहा कि निर्माण मजदूरों को ₹600 और राजमिस्त्रियों को ₹1000 दैनिक मजदूरी मिलनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने आउटसोर्सिंग के खिलाफ आंदोलन तेज करने की बात कही।
दिव्या भगत ने निगम में चल रही आउटसोर्सिंग की साजिश पर चेतावनी देते हुए कहा कि "कंपनियाँ लाखों का घोटाला कर रही हैं, और हम इसे सफल नहीं होने देंगे।"
गौतम कुमार ने मजदूर आंदोलन के इतिहास को याद दिलाते हुए कहा कि "मजदूरों ने अपने संघर्ष से 8 घंटे काम, 8 घंटे आराम और 8 घंटे मनोरंजन का अधिकार हासिल किया था, लेकिन सरकार अब 12 घंटे काम कराने की कोशिश कर रही है।"
सभा से पूर्व गांधी स्मृति टाउन हॉल से एक रैली निकाली गई, जिसका नेतृत्व एटक के सचिव राजीव कुमार कर रहे थे। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए सभा स्थल पलामू क्लब पहुंची।
कार्यक्रम की शुरुआत में इप्टा के कलाकारों प्रेम प्रकाश, धीरेंद्र कुमार और संजीव कुमार संजू ने जनवादी गीत प्रस्तुत कर माहौल को जीवंत बना दिया। सभा में बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों से आए निर्माण मजदूरों और नगर निगम के सफाई कर्मियों ने भाग लिया।