ताज़ा-ख़बर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल का 90 वर्ष की आयु में निधन

रिपोर्ट: VBN News Desk12 घंटे पहलेदेश

चार दशकों से अधिक सार्वजनिक जीवन, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष, राज्यपाल और सात बार सांसद रहे शिवराज पाटिल ने दुनियां को कहा अलविदा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल का 90 वर्ष की आयु में निधन

90 वर्षीय पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शिवराज पाटिल का आज सुबह महाराष्ट्र के लातूर स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। परिवार के अनुसार वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थे। 12 अक्टूबर 1935 को लातूर जिले के चाकुर गांव में जन्मे पाटिल ने भारतीय राजनीति में चार दशकों से अधिक का प्रभावशाली योगदान दिया। शिवराज पाटिल का राजनीतिक सफर 1980 में शुरू हुआ जब वे पहली बार सातवीं लोकसभा के लिए चुने गए। इसके बाद वे लगातार सात बार सांसद रहे। उनका कार्यकाल रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, वाणिज्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, अंतरिक्ष, जैव-प्रौद्योगिकी, कार्मिक और पेंशन जैसे कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों में राज्यमंत्री और उपमंत्री के रूप में जाना गया। लोकसभा के इतिहास में उनका नाम दसवें लोकसभा अध्यक्ष के रूप में विशेष रूप से याद किया जाता है। वर्ष 2004 में वे देश के केंद्रीय गृहमंत्री बने लेकिन 26/11 मुंबई हमलों के बाद सुरक्षा चूक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने 30 नवंबर 2008 को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 2010 से 2015 के बीच पाटिल ने पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक के रूप में अपनी सेवाएँ दीं। राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने से पहले वे महाराष्ट्र विधानसभा के दो बार सदस्य रहे। भारतीय राजनीति में शालीनता, प्रशासनिक कुशलता और संसदीय मर्यादा के प्रतीक रहे शिवराज पाटिल के निधन से देश की राजनीतिक दुनिया में शोक की लहर है।

इन्हें भी पढ़ें.