रजरप्पा मंदिर विवाद में नया मोड़, प्रेम कुमार निर्मल की भूमिका पर उठे सवाल
नियम तोड़कर प्रवेश और विवाद के बाद भड़की घटना, आदित्यपुर में प्रेम कुमार के व्यवहार की हो रही चर्चा

रामगढ़ : झारखंड के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर में बीते रविवार को हुई मारपीट की घटना के बाद जहां पुलिस अधीक्षक ने चार झारखंड आर्म्ड पुलिस जवानों और एक होमगार्ड को निलंबित कर दिया है वहीं घटना के पीछे की परिस्थितियों को लेकर अब कई नए सवाल सामने आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 17 निवासी प्रेम कुमार निर्मल उर्फ राजेश अपने परिवार के साथ माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे थे। बताया जाता है कि अत्यधिक भीड़ के कारण उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार की बजाय पिछले गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश किया। सूत्रों के अनुसार कुछ समय बाद उनकी पत्नी, बेटी और दामाद भी उसी रास्ते से अंदर जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर उन्हें रोक दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि प्रेम कुमार के दामाद ने नारियल से एक जवान पर हमला कर दिया जिससे जवान के सिर में चोट लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मी उग्र हो गए और मारपीट की घटना सामने आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी और पांच जवानों को निलंबित कर दिया गया। हालांकि स्थानीय स्तर पर अब यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि पूरे विवाद की शुरुआत नियमों की अनदेखी और अनावश्यक विवाद से हुई। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर अनुशासन और नियमों का पालन सभी श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी है। इस घटना ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि छोटी सी लापरवाही या विवाद बड़े घटनाक्रम का रूप ले सकता है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।