तिसरी में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
पति हिरासत में, ससुराल पक्ष के लोग फरार, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह : जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडारी पंचायत के गादी गांव में शुक्रवार सुबह एक विवाहिता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है जो गादी निवासी संदीप अग्रवाल की पत्नी थी। घटना के बाद पति को छोड़कर ससुराल पक्ष के अन्य लोग फरार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार काजल का शव उसके घर के कमरे में बिस्तर पर पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि काजल और उसके पति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। उन्होंने कहा कि संदीप किसी अन्य महिला से बातचीत करता था जिसको लेकर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के कारण काजल की जान गई। मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई है जिससे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतका के पति संदीप अग्रवाल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि घटना के समय वह घर से बाहर था और उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना प्रभारी प्रभु नंद ईश्वर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शुरुआत में मायके पक्ष के लोग शव को पुलिस के हवाले करने का विरोध करने लगे लेकिन थाना प्रभारी ने समझा-बुझाकर निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।