मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर अफवाहों से रहें सावधान, नहीं कटेगा किसी भी पात्र मतदाता का नाम : उपायुक्त
एसआईआर-2026 की कार्ययोजना जारी, 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

सरायकेला : जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नीतीश कुमार सिंह ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की विस्तृत कार्ययोजना की जानकारी देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने संबंधी भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं जबकि सभी पात्र मतदाताओं का नाम निर्धारित सत्यापन एवं मैपिंग प्रक्रिया के आधार पर नई मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि एसआईआर-2026 के लिए 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य 20 जून से 29 जून 2026 तक पूरा किया जाएगा। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण का कार्य भी संपन्न किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। दावा-आपत्तियों के निष्पादन और नोटिस संबंधी प्रक्रिया 3 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगी। उपायुक्त ने कहा कि पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संचालित की जाएगी ताकि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने आम जनता से सत्यापन कार्य में सहयोग करने और किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार एवं पारुल सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।