सिरुम से शुरू हुआ नशा मुक्ति अभियान, युवाओं को नशे से दूर रखने का लिया गया संकल्प
नशा मुक्त होगा गांव-समाज तभी बनेगा समृद्ध जिला : जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो

कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में गुरुवार को मध्य विद्यालय, सिरुम में नशा मुक्ति अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मधुश्री महतो ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है। शराब, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से परिवार टूट रहे हैं तथा युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने कहा कि जन-जन का एक ही नारा, नशा मुक्त हो जिला और प्रखंड हमारा केवल नारा नहीं बल्कि सामाजिक परिवर्तन का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी आवश्यक है। विशेष रूप से युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित कर नशे की गिरफ्त से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। मधुश्री महतो ने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन बनाना होगा। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों पर विशेष ध्यान देने तथा समाज के जिम्मेदार नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और अभियान को सफल बनाने के लिए हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया। आयोजन के दौरान लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी गई।