शिक्षा के अनुभव के सहारे नगर पंचायत चुनाव मैदान में उतरे भगतु नगेसिया
जनता आज कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जिनका समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

By Santosh Kumar लातेहार। अवकाश प्राप्त शिक्षक भगतु नगेसिया ने लातेहार नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के उपरांत उन्होंने कहा कि वर्षों की शिक्षण सेवा से मिले अनुभव का उपयोग वे नगर के सर्वांगीण, संतुलित और योजनाबद्ध विकास में करेंगे।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की जनता आज कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जिनका समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
भगतु नगेसिया के प्रमुख चुनावी मुद्दों में जमीन से संबंधित विवादों का शीघ्र समाधान, होल्डिंग टैक्स में कमी, जैयत्री नदी की नियमित सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता तथा स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना शामिल है।इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धा पेंशन योजना एवं मईया सम्मान योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभुक तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
भगतु नगेसिया ने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे ईमानदार कार्यशैली, पारदर्शी प्रशासन और जनहित को केंद्र में रखकर नगर पंचायत को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने का हर संभव प्रयास करेंगे।