ताज़ा-ख़बर

मातम में बदलीं होली की खुशियां, पलामू में बुजुर्ग की टांगी से हत्या, आपसी विवाद बना खूनी घटना

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेअपराध

हुसैनाबाद के हीरा सिकनी गांव में सनसनी, शराब के नशे में युवक ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट

मातम में बदलीं होली की खुशियां, पलामू में बुजुर्ग की टांगी से हत्या, आपसी विवाद बना खूनी घटना

पलामू : रंगों और उमंग के पर्व होली के दिन झारखंड के पलामू जिला में एक दर्दनाक घटना सामने आई जहां खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के हीरा सिकनी गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और 70 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी से मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हीरा सिकनी गांव निवासी विश्वनाथ रजवार (70) के रूप में हुई है। आरोप है कि गांव के ही उनके गोतिया कपिल रजवार (25) ने गुस्से और शराब के नशे में इस वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार देर शाम की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह शव का पोस्टमार्टम हुसैनाबाद अनुमंडल अस्पताल में कराया गया।

तू-तू मैं-मैं से शुरू हुआ विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली के दिन गांव में उत्सव का माहौल था और लोग अबीर-गुलाल के साथ जश्न मना रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विश्वनाथ रजवार और कपिल रजवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि उस समय माहौल में शराब का भी असर था जिससे विवाद तेजी से बढ़ गया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि कपिल रजवार ने टांगी उठा ली और बुजुर्ग विश्वनाथ रजवार पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गांव में दहशत, पुलिस जांच में जुटी

घटना की खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और होली का उत्सव पलभर में सन्नाटे में बदल गया। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस से मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और शराब के नशे को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है जबकि ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.