सिगरेट नहीं देने पर युवकों ने किराना दुकान में लगाई आग, शादी का सामान समेत लाखों की संपत्ति राख
पलामू के सुआ गांव में सनसनी, देर रात दुकान फूंकी, पीड़ित ने चार युवकों पर लगाया गंभीर आरोप

पलामू : झारखंड के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र स्थित सुआ गांव के निराला टोला में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां सिगरेट नहीं देने से नाराज कुछ युवकों ने कथित रूप से एक किराना जनरल स्टोर में आग लगा दी जिससे दुकान में रखा सामान और शादी के लिए खरीदे गए सामान जलकर राख हो गए। मिली जानकारी के अनुसार यह आग मेदिनीनगर निवासी राजेश कुमार गुप्ता की दुकान सह मकान में लगी। राजेश ने बताया कि बुधवार देर रात चार युवक उनकी दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे और शटर जोर-जोर से पीटने लगे। जब वे बाहर निकले तो युवकों ने सिगरेट की मांग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। राजेश ने बताया कि दुकान में सिगरेट खत्म हो चुकी थी यह सुनकर युवक भड़क गए और कथित तौर पर मारपीट करने की कोशिश करते हुए कॉलर पकड़ लिया। राजेश के अनुसार आरोपितों में रितिक सिंह, छोटू सिंह सहित अन्य युवक शामिल थे जो बगल के टोले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। युवकों ने जाते-जाते धमकी भी दी कि वे देख लेंगे। इसके कुछ देर बाद दुकान में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस की सदर थाना टीम और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। राजेश ने बताया कि 11 मार्च को उनके भाई छोटू कुमार गुप्ता की शादी है जिसके लिए करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान खरीदा गया था। इसके अलावा दुकान में रखे 80 हजार रुपये नकद और अन्य सामान भी आग में जल गए। कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित ने पुलिस को आवेदन देकर चार युवकों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।