भोलेनाथ हॉस्पिटल ने ठाकुरगांव में लगाया निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप, 134 मरीजों का हुआ मुफ्त इलाज
शिविर में कुल 134 मरीजों का निःशुल्क इलाज किया गया।

रांची। भोलेनाथ हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर, सुंडील, मनातू की ओर से ठाकुरगांव पंचायत भवन में निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ कराना और आम लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा।
इस मौके पर वरिष्ठ कंसल्टेंट एवं प्रसिद्ध छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. एम. के. सिंह ने दमा, एलर्जी, टीबी, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग से पीड़ित मरीजों की जांच कर उपचार एवं परामर्श दिया। वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. सिंह ने प्रजनन स्वास्थ्य, गर्भावस्था एवं प्रसव पूर्व देखभाल, मासिक धर्म संबंधी समस्याओं, एसटीडी, पीसीओडी एवं पीसीओएस जैसी महिला रोगों की जांच कर आवश्यक सलाह दी।
शिविर में कुल 134 मरीजों का निःशुल्क इलाज किया गया। मरीजों की बीपी, शुगर, ईसीजी, ब्लड जांच की गई तथा आवश्यक दवाएं भी मुफ्त में उपलब्ध कराई गईं। डॉ एमके सिंह ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। शिविर को लेकर ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने इस पहल की सराहना की।