भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी प्रभासिनी कलुंडिया ने भरा नामांकन, आदित्यपुर से सरायकेला तक शक्ति प्रदर्शन
गाजे-बाजे और जनसमर्थन के साथ नामांकन, भाजपा ने रिकॉर्ड जीत का जताया भरोसा

सरायकेला : आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी समर्थित मेयर प्रत्याशी श्रीमती प्रभासिनी कलुंडिया ने सरायकेला स्थित उपायुक्त कार्यालय में दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन को लेकर आदित्यपुर-2 के जागृति मैदान से भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का विशाल काफिला गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। नामांकन के अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने दावा किया कि इस बार भाजपा रिकॉर्ड मतों से विजय हासिल करेगी। प्रस्तावक के रूप में अधिवक्ता राजेश सहाय, नवीन सिंह, प्रदीप सिंह और कृष्ण पांडे उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आम जनता मौजूद रही। नामांकन के साथ ही आदित्यपुर में चुनावी माहौल और गरमा गया है।