सरायकेला-खरसावां के झिमरी गांव में हिंसा पर भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव का बयान, पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ग्रामीण जब लड़की की बरामदगी की मांग को लेकर थाना पहुंचे तो पुलिस ने उल्टा ग्रामीणों की पिटाई कर दी

सरायकेला-खरसावां : जिला के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत झिमरी गांव में शनिवार को हुई हिंसक घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष उदय सिंह देव ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार की रात झिमरी गांव में तालिबानी तरीके से एक बहन का बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया। परिजनों ने लड़की की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस से लगातार गुहार लगाई लेकिन प्रशासन ने न तो लड़की को बरामद करने का प्रयास किया और न ही आरोपी युवक को गिरफ्तार करने की कोई कोशिश की। उदय सिंह देव ने कहा कि झारखंड सरकार की लचर विधि-व्यवस्था के कारण कुछ समुदाय विशेष के लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है। अब वे घर में घुसकर बहनों और माताओं की इज्जत पर हमला करने का दुस्साहस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अपहृत लड़की को अविलंब बरामद कर दोषी युवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। भाजपा जिला अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि जब गांव के लोग लड़की की बरामदगी और आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो पुलिस ने उल्टा ग्रामीणों पर लाठीचार्ज कर दिया और उन्हें पीटा। उदय सिंह देव ने कहा कि इस गंभीर मामले पर भाजपा की पैनी नजर है और शीर्ष नेतृत्व को इसकी पूरी जानकारी दी जा चुकी है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।