भाजपा विकास में अड़ंगा डाल रही, भ्रामक आंकड़ों से जनता को कर रही गुमराह: कांग्रेस
केंद्र पर झारखंड के 1.36 लाख करोड़ बकाया दबाने का आरोप, योजनाओं का किया बचाव

रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव के बयानों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा का काम केवल विकास कार्यों में अड़ंगा लगाना और भ्रामक आंकड़े पेश करना रह गया है। उन्होंने कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति पर सवाल उठाने से पहले भाजपा नेताओं को केंद्र सरकार के पास लंबित झारखंड के 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये के बकाये की याद कर लेनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर केंद्र सरकार झारखंड के हक का पैसा रोके बैठी है, वहीं दूसरी ओर राज्य भाजपा के नेता वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप लगाकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार बकाया राशि का भुगतान कर दे, तो राज्य के विकास कार्यों की गति कई गुना बढ़ जाएगी और जनकल्याणकारी योजनाओं का दायरा भी विस्तृत होगा।
बजट खर्च पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अबुआ आवास, सर्वजन पेंशन और मंइयां सम्मान योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से सीधे आम लोगों तक आर्थिक सहायता पहुंचाई है। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंच रहा है, जो भाजपा को रास नहीं आ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों की तुलना में झारखंड का वित्तीय प्रबंधन और सामाजिक कल्याण योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी है। भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह तकनीकी आंकड़ों की आड़ लेकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि कर्मचारियों के वेतन और पेंशन को लेकर सवाल उठाने वालों को यह नहीं भूलना चाहिए कि वर्तमान सरकार ने ही पुरानी पेंशन योजना लागू कर लाखों सरकारी कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित किया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार कर्मचारियों और आम जनता दोनों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।