ताज़ा-ख़बर

गुमला में भाजपा का प्रमंडलीय मंथन, बाबूलाल बोले- हेमंत सरकार से त्रस्त जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता

रिपोर्ट: शनिरंजन 3 घंटे पहलेझारखण्ड

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बूथ और शक्ति केंद्र सशक्त करने पर दिया जोर, संत रविदास जयंती पर दीपोत्सव मनाने का आह्वान

गुमला में भाजपा का प्रमंडलीय मंथन, बाबूलाल बोले- हेमंत सरकार से त्रस्त जनता के बीच जाएं कार्यकर्ता

गुमला: भारतीय जनता पार्टी के गुमला जिला कार्यालय में सोमवार को जिला अध्यक्ष सागर उरांव की अध्यक्षता में प्रमंडल स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा के जिला पदाधिकारी, जिला प्रभारी, प्रवासी प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने मंडल अध्यक्षों और प्रवासी प्रभारियों को बूथ एवं शक्ति केंद्रों को सशक्त बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कार्यकर्ता एसआईआर (SIR) अभियान में सक्रिय हैं, उसी तरह संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना भी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 29 जुलाई को सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

बैठक में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि शहर से लेकर गांव तक आम जनता हेमंत सरकार से त्रस्त है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे नकारात्मक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देना भी जरूरी है।

मरांडी ने कहा कि आने वाले पंचायत चुनाव संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करेगी।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री संदीप प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन लोहरदगा जिला अध्यक्ष अजय पंकज ने किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत सहित गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.