ताज़ा-ख़बर

ईचागढ़ से भाजपा का चुनावी शंखनाद, तीनों विधानसभा सीटें जीतने का संकल्प

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

झारखंड में 150 फीट ऊंची डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा बनाने का संकल्प दोहराया : हरेकृष्ण प्रधान

ईचागढ़ से भाजपा का चुनावी शंखनाद, तीनों विधानसभा सीटें जीतने का संकल्प

सरायकेला-खरसावां : भारतीय जनता पार्टी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती स्मरण-पर्व के अवसर पर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के गौरांगकोचा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल सभागार में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में राष्ट्रनिर्माण, शिक्षा, राष्ट्रवाद तथा भारत की एकता एवं अखंडता के लिए डॉ. मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के कार्यों को गति देने का सामूहिक संकल्प लिया गया। सम्मेलन में भाजपा के जिला अध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान का बयान चर्चा का केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव में सरायकेला-खरसावां जिले की तीनों विधानसभा सीटें भाजपा की झोली में डालने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है। हरेकृष्ण प्रधान ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में भी उनकी 125 से 150 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार से लगातार मांग किए जाने के बावजूद इस दिशा में कोई पहल नहीं की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर झारखंड के विभिन्न हिस्सों में डॉ. मुखर्जी की भव्य प्रतिमाएं स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और बलिदान की बदौलत जनसंघ की नींव मजबूत हुई जिसका परिणाम है कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री राकेश मिश्रा, भूषण मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष रितिका मुखी, अमितेश अमर, जिला मंत्री पप्पू वर्मा, सतीश शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी मनोहर दास, गुरजीत मेहरा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष महेश कुंडू, ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष कृष्णा प्रधान, महिला मोर्चा की पदाधिकारी, मंडल अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात कर संगठन विस्तार और राष्ट्रसेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.