बोकारो में रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से सनसनी, एक ही गांव के बताए जा रहे मृतक
ट्रेन हादसा या कोई और साजिश? रेलवे ट्रैक के पास बाइक मिलने से गहराया रहस्य

बोकारो : जिले के राधानगर पंचायत अंतर्गत लावाटांड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक पर तीन युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी बोकारो की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। यह घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से लगभग नौ किलोमीटर दूर रेलवे लाइन पर हुई है। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल से बरामद एक आधार कार्ड के आधार पर मृतकों में से एक की पहचान गोमिया प्रखंड के मडवाडीह, टीकाहारा (बरकी पुनु) गांव निवासी सूरजलाल सोरेन के पुत्र बबलू सोरेन के रूप में हुई है। वहीं पूछताछ के दौरान दूसरे युवक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में की गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों की औपचारिक पहचान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना को लेकर कई सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि रेलवे ट्रैक के समीप से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे लेकिन पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। जीआरपी अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के ग्रामीणों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है। तीन युवकों की एक साथ हुई मौत से क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।