ताज़ा-ख़बर

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल में चला ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, 200 पौधों का वितरण

रिपोर्ट: VBN News Desk4 घंटे पहलेझारखण्ड

अर्पिता महिला मंडल की पहल पर वृक्षारोपण, जनजागरूकता और खाद्य सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीसीएल में चला ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, 200 पौधों का वितरण

रांची। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर (सीसीएल) में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत एसटीसी, गांधीनगर परिसर में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।

इस अवसर पर रीता तिवारी एवं नीरू हंजूरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सीसीएल कर्मियों, उनके परिजनों तथा अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के तहत अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 200 पौधों का वितरण भी किया गया। वितरित पौधों में आयुर्वेदिक, फलदार और पुष्पीय पौधे शामिल थे। सदस्यों ने आसपास के लोगों को पौधे वितरित कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य पैकेटों का भी वितरण किया गया। पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा को समर्पित इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस प्रकृति के प्रति हमारे दायित्वों को याद दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ मां के नाम" अभियान मातृत्व और प्रकृति दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अनूठी पहल है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.