उधार के रुपये बने खूनी संघर्ष की वजह, आरआईटी मोड़ पर युवक पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई वारदात
सरायकेला-खरसावां में बेलगाम अपराधियों का आतंक, दिनदहाड़े सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर काटा युवक; लगातार घटनाओं से पुलिस पर उठे सवाल

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच रविवार को आदित्यपुर के व्यस्त आरआईटी मोड़ पर दिनदहाड़े हुई खूनी वारदात ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेखौफ अपराधियों ने सरेआम एक युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जो अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस की गवाही दे रही है। जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान विशु के रूप में हुई है जबकि आरोपी राहुल हेंब्रम बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि राहुल हेंब्रम विशु से अपने उधार के रुपये वापस मांग रहा था। रुपये नहीं मिलने पर उसने बाइक या मोबाइल देने की बात कही थी। रविवार शाम विशु ने अपना मोबाइल राहुल को दे दिया था। सोमवार सुबह विशु ने राहुल को रुपये लेने के लिए आरआईटी मोड़ बुलाया। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते राहुल ने कथित तौर पर धारदार हथियार निकालकर विशु पर कई वार कर दिए। हमलावर घायल युवक को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारता रहा। घटना के समय घायल युवक के साथ मौजूद एक छोटा बच्चा बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल विशु को पहले गंगोत्री अस्पताल पहुंचाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि आरआईटी मोड़, आदित्यपुर और आसपास के इलाकों में हाल के दिनों में लगातार हत्या, लूट, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। इसके बावजूद नियमित पुलिस गश्त और प्रभावी कार्रवाई का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। लोगों ने आरआईटी मोड़ सहित जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी मजबूत करने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आम लोगों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।