दिशाहीन और जनविरोधी है बजट : प्रतुल शाहदेव
भाजपा प्रवक्ता बोले– आधा बजट ही खर्च, रोजगार-किसान राहत पर ठोस योजना नहीं

रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को दिशाहीन, जनविरोधी और कागजी घोषणाओं का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनवरी तक मौजूदा वित्तीय वर्ष का केवल 50 प्रतिशत बजट ही खर्च कर पाई है। ऐसे में राज्य “मार्च लूट” की स्थिति की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बजट में युवाओं के लिए ठोस रोजगार योजना, किसानों के लिए प्रभावी राहत पैकेज तथा महिलाओं और गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने वाली कोई ठोस पहल नहीं दिखती। सरकार विकास के नाम पर केवल आंकड़ों की बाजीगरी कर रही है, जबकि जमीन पर बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि बजट में प्रस्तावित योजनाओं के लिए संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, इसका कोई स्पष्ट और ठोस आधार प्रस्तुत नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से पारदर्शिता के साथ जवाब देने की मांग की।