एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव के दूसरे दिन तकनीकी सत्र में रक्षा क्षेत्र में कारोबार के अवसरों पर मंथन
डिफेंस कंपनियों से साझेदारी और स्वदेशीकरण पर विशेषज्ञों ने साझा किए व्यावहारिक अनुभव

आदित्यपुर : एमएसएमई डिफेंस कॉन्क्लेव के दूसरे दिन तकनीकी सत्र-2 का आयोजन किया गया जिसमें रक्षा क्षेत्र में एमएसएमई की भागीदारी और डिफेंस कंपनियों के साथ व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। सत्र के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं ने रक्षा उत्पादन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं, आपूर्ति श्रृंखला और स्वदेशीकरण की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। तकनीकी सत्र में बीईएमएल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक वी. सेकरन, उप महाप्रबंधक (कॉर्पोरेट मटेरियल) नमसिवायम आर., म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड से नीरज कुमार, व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर के वर्क्स मैनेजर अजय झारिया तथा सिडबी जमशेदपुर के एजीएम अनूप कुमार दास ने अपने-अपने पेपर प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने एमएसएमई द्वारा स्वदेशीकरण की जाने वाली वस्तुओं की सूची साझा करते हुए उद्यमियों को रक्षा क्षेत्र में अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आर्का जैन यूनिवर्सिटी के उन छात्रों को भी सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए जिन्होंने दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। सत्र में 100 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी रही। कार्यक्रम का संचालन एशिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सरायकेला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष उद्योग हर्ष बकरेवाल ने प्रस्तुत किया।