लातेहार में SSB-पुलिस का बड़ा शिकंजा, जंगल से राइफल-कारतूस और IED सामग्री का जखीरा बरामद
अभियान में SSB के 24 जवान एवं महुआडांड़ थाना के सहायक उप निरीक्षक महेंद्र रजक शामिल थे।

लातेहार। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध हथियारों की बरामदगी के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 32वीं वाहिनी एवं लातेहार पुलिस ने 21 और 22 अक्टूबर को संयुक्त सर्च अभियान चलाया। विभिन्न वन क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को हथियार, गोला-बारूद और आईईडी से संबंधित सामग्री बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर को कमांडेंट राजेश सिंह के मार्गदर्शन में ए-समवाय तिसिया एवं महुआडांड़ थाना पुलिस ने सुग्गा बांध वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया।
अभियान में SSB के 24 जवान एवं महुआडांड़ थाना के सहायक उप निरीक्षक महेंद्र रजक शामिल थे। तलाशी के दौरान एक .303 राइफल, एक खाली मैगजीन, .303 राइफल के नौ जिंदा कारतूस और गोला-बारूद रखने की एक थैली बरामद हुई। 22 अक्टूबर को इसी क्षेत्र में पुनः चलाए गए अभियान में एक बोल्ट एक्शन राइफल, 9 एमएम पिस्टल की एक खाली मैगजीन, 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस एवं एक 7.62 एमएम जिंदा कारतूस बरामद किया गया। अभियान में SSB के 25 जवान शामिल रहे। इसी दिन एफ-समवाय बन्स्कर्चा एवं महुआडांड़ थाना पुलिस ने आथे, दौना और दुरुप वन क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। यहां से दो स्टील कंटेनर (आईईडी), करीब 20 मीटर प्लास्टिक शीट, एक बंडल रस्सी, सिंथेटिक कपड़ा एवं दो रेत की बोरियां बरामद की गईं। पुलिस ने बरामद सामग्री के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।