ताज़ा-ख़बर

हैदरनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोपी पति गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

24 घंटे के भीतर पुलिस ने की कार्रवाई, मायके वालों ने लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप

हैदरनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या के आरोपी पति गिरफ्तार

हैदरनगर (पलामू) : पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के पतरिया गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसके पति संतोष कुमार रजवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मृतका दो बच्चों की मां थी। घटना के बाद से ही मायके व ससुराल पक्ष के अलग- अलग दावों के कारण मामला गंभीर बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, मृतका के पति की ओर से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है।

जबकि मायके वालों ने इसे हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लामारी गांव निवासी मृतका के भाई लालजी रजवार ने अपने बहनोई संतोष कुमार रजवार पर विवाद व मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसने आशंका जताई है कि उसकी बहन की गला दबाकर हत्या की गई है। बताया जाता है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।

इधर सूचना मिलने पर हैदरनगर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया। मामले में हैदरनगर थाना कांड संख्या 73/2026, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) व दहेज प्रतिषेध अधिनियम, 1961 की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने प्राथमिकी में प्राथमिक अभियुक्त बनाए गए संतोष कुमार को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हालांकि विवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका आधिकारिक खुलासा अभी नहीं हुआ है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर सबकी निगाहें टिकी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.