ताज़ा-ख़बर

दलभंगा में डायन बिसाही के शक में महिला की हत्या मामले का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk15 दिन पहलेअपराध

मामले में मुख्य साजिशकर्ता डोली मुंडा और उसका ससुर सोयना मुंडा हैं।

दलभंगा में डायन बिसाही के शक में महिला की हत्या मामले का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां : कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी अंतर्गत मुटूगोड़ा गांव में 13 जून को हुई महिला हत्या के मामले में पुलिस ने डायन बिसाही के संदेह में हत्या की पुष्टि करते हुए कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी की है। यह जानकारी जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने दी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका की पहचान मोगरा मुंडा (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई, जो गांव के निवासी पांडू मुंडा की पत्नी थी। हत्या के संबंध में मृतका के पति के बयान पर कुचाई थाना कांड संख्या 32/25 दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सरायकेला समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें अंचल निरीक्षक नितिन कुमार सिंह, कुचाई थाना प्रभारी और दलभंगा ओपी प्रभारी शामिल थे। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू भी जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि मृतका की हत्या डायन होने के संदेह में सुनियोजित साजिश के तहत करवाई गई। मामले में मुख्य साजिशकर्ता डोली मुंडा और उसका ससुर सोयना मुंडा हैं। दोनों ने डोली मुंडा के रिश्तेदार सुखलाल मुंडा को हत्या की सुपारी दी थी। सुखलाल मुंडा ने हत्या को अंजाम देने के लिए खरसावां थाना क्षेत्र के तीन अन्य युवकों से संपर्क किया जिन्होंने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बदले में 2 लाख रुपए की सुपारी तय की गई थी जिसमें से अब तक लगभग डेढ़ लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था। पुलिस ने 1.25 लाख रुपये नकद राशि और सुपारी की रकम से खरीदा गया एक मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह घटना अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों की भयावह तस्वीर पेश करती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि डायन प्रथा जैसे अंधविश्वास से दूर रहें और किसी भी संदेहजनक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जांच अभी जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.